Faridabad News (citymail news) नगर निगम में इन दिनों अवैध निर्माणों की बाढ़ सी आई हुई है। शहर में चारों ओर अवैध निर्माण ही दिखाई दे रहे हैं। अवैध निर्माणों से जमकर उगाही भी हो रही है। इसके चलते नगर निगम प्रशासन की छवि भी खराब हो रही है। मगर धन उगाही के सामने कोई भी बदनामी की परवाह नहीं करना चाहता। एसडीओ से लेकर तमाम अधिकारी अपने सरंक्षण में अवैध निर्माण करवा रहे हैं। ताजा मामला एनआईटी-3 नंबर डी ब्लाक के प्लाट नंबर -170 का सामने आ रहा है। यह प्लाट पूरी तरह से रिहायशी है, मगर उस पर अवैध रूप से दुकानें बनाई जा रही हैं।

इन अवैध दुकानों की वजह से निगम प्रशासन को लाखों रुपए का चूना भी लगाया जा रहा है। इसके बदले निगम आयुक्त के नाम पर ही लाखों रुपए की डील होने की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि निगम के तोडफ़ोड़ विभाग के अधिकारियों ने अपने बॉस के नाम से ही इन अवैध दुकान बनवाने की एवज में लाखों रुपए ले लिए हैं। जबकि हकीकत ये है कि आयुक्त को इस बारे में कुछ पता ही नहीं हैं। मगर अधिकारी उनके नाम से लाखों रुपए की वसूली कर रहे हैं। बताया गया है कि 3 डी-170 से भी अवैध दुकान बनवाने के लिए कई लाख रुपए वसूले गए हैं। अब आयुक्त को जब यह पता चलेगा तो इन दुकानों पर बुलडोजर चलना भी तय है।