फरीदाबाद के लोगों के लिए यह राहत की खबर हो सकती है। पिछले कई महीनों से बंद पड़ा नीलम पुल को खोलने की तैयारी कर ली गई है। हालांकि इस पुल की एक लेन चालू थी, मगर उसे भी एक सप्ताह पहले बंद कर दिया गया था। इस पुल के नीचे पिछले साल 22 अक्टूबर को अवैध रूप से रखे कबाड़े में आग लग गई थी। तभी से इस पुल के कमजोर हो चुके पिल्लर की वजह से इसे बंद कर दिया गया था। बाद में इसकी एक लेन को यातायात के लिए खोल दिया गया था। मगर इससे शहर में चारों ओर वाहनों के जाम होने से शहरवासी बेहद परेशान थे। सुबह और शाम के वक्त इस पुल पर वाहनों का लंबा जाम लग जाता था। जिसका प्रभाव पूरे शहर के यातायात पर पड़ता था।
मेंटीनेंस पूरा, अब खुलेगा पुल
नगर निगम ने पुल के पिल्लर की मेंटीनेंस के लिए 40 लाख रुपए खर्च किए हैं। इस राशि से केवल पुल के पिल्लरों का ही काम किया गया है। जबकि पुल के ऊपर दोनों तरफ की दीवार, सडक़ और फुटपाथ अब भी जर्जर अवस्था में ही हैं। एक्सईएन ओपी कर्दम ने बताया कि पुल की मरम्मत का काम पूरा हो गया है। वह इसे खोलने की तैयारी कर चुके हैं। शनिवार रात को 12 बजे पुल की डेडलाईन समाप्त हो रही है। वह शनिवार रात को पुल को आम जनता के लिए खोल देंगे। इससे लोगों को खासी राहत मिलने की संभावना है।