Faridabad News (citymail news) तमाम राजनैतिक घरानों के अनुरूप ही कैबिनेट मंत्री एवं बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा के पुत्र एवं राजनैतिक उत्तराधिकारी नवीन वशिष्ठ ने भी राजनीति में सक्रिय तौर से एंट्री ले ली है। हालांकि मंत्री मूलचंद शर्मा के बड़े भाई टीपर चंद ही उनका राजनैतिक तौर पर सारा कार्य संभालते हैं। अब इस परिवार ने अपने एक और सदस्य को राजनीति में उतार दिया है। माना जा रहा है कि मूलचंद शर्मा अपने उत्तराधिकारी को तैयार कर रहे हैं। इसलिए एक बड़े विकास कार्य की शुरूआत उन्होंने अपने पुत्र नवीन के जरिए करवाई है।
ये लोग संभाल रहे हैं परिवार की विरासत
अब एक नई पीढ़ी ने राजनीति में एंट्री लेकर यह संकेत दे दिए हैं कि उनके परिवार से भविष्य में नवीन ही सभी जिम्मेदारियों का निर्वाहन करेंगे। यही वजह है कि वीरवार को नवीन ने यह मोर्चा संभालकर एक विकास कार्य के उदघाटन में हिस्सा लिया। इलाके के युवा वर्ग में इससे अच्छा संकेत जा सकता है। उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा से पहले केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के पुत्र और निगम के सीनियर डिप्टी मेयर देवेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप के पुत्र विजय प्रताप, विवेक प्रताप तथा पूर्व मंत्री स्वर्गीय शिवचरण शर्मा के पुत्र और मौजूदा कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा भी राजनीति में अपने परिवार का नेतृत्व कर रहे हैं। माना जा रहा है कि नवीन भी अपने राजनैतिक परिवार की विरासत को आगे बढाएंगे।
नवीन ने किया शारदा कालोनी में उदघाटन
नवीन वशिष्ट ने बल्लभगढ़ विधानसभा की शिव शारदा कॉलोनी में लगभग 13.50 लाख की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत की है। इस मौके पर यहां स्थानीय लोगों ने नवीन वशिष्ठ का फूल मालाओं से स्वागत किया वहीं उन्होंने भी स्थानीय लोगों को फूल मालाएं पहनाई और उनके हाथों से भी नारियल तुड़वाया कर कालोनी वासियों की पुरानी समस्याओं को दूर करने के लिए विकास कार्यो की शुरुआत की।
सीएम और अपने पिता के गुणगान किए
परिवहन मंत्री के पुत्र नवीन वशिष्ठ का कहना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के नेतृत्व में बल्लभगढ़ विधानसभा का चहुमुखी विकास किया जा रहा है ,चारों तरफ विकास कार्यों की झड़ी लगी हुई है। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। शिव शारदा कॉलोनी में सीवर लाइन ,पीने के पानी की लाइन और इंटरलॉकिंग टाइल से बनाई जाने वाली गलियां जल्द ही बनकर तैयार हो जाएंगी।
नवीन परिवार की राजनैतिक विरासत को आगे लेकर जाएंगे
संकेत हैं कि आने वाले दिनों में मूलचंद शर्मा के पुत्र नवीन भी अपने परिवार की राजनैतिक विरासत को आगे लेकर जाएंगे। फिलहाल बल्लभगढ़ की राजनीति व कार्यभार संभालने का दायित्व मूलचं शर्मा के बड़े भाई टीपरचंद के कंधों पर है। वही क्षेत्र की दिशा और दशा तय करते हैं और उनके भीतरखाने उनके निर्देश ही आखिरी वचन माने जाते हैं। शर्मा परिवार में टीपरचंद का कद सबसे बड़ा है और उनके कहे गए शब्दों को ही फूल चढ़ाए जाते हैं। टीपरचंद और मूलचंद शर्मा ने राजनीति से लेकर व्यापार में संयुक्त रूप से संघर्ष किया है। दोनों भाईयों के साथ साथ समूचे परिवार में बेहतर तालमेल दिखाई देता है।