हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 11 फरवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाये रहने की भी संभावना बनी हुई है। इसके साथ फरवरी के अंत तक दिन का तापमान सामान्य ही रहने की उम्मीद है। इस बीच रात्रि तापमान में गिरावट रहने की संभावना है। हालांकि, इस मौसम से फसलों पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा। फलों, सब्जियों को इस मौसम में अच्छी बढ़वार मिलेगी। इसके साथ ही अगर बारिश होती है तब भी किसानों को इसका फायदा ही मिलेगा।हरियाणा के साथ साथ दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम करवट बदल रहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही इन राज्यों व आसपास के इलाकों में बूंदाबादी और बारिश भी हो सकती है।
रात्रि तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
बता दें कि अभी तक सुबह में धुंध नजर नहीं आ रही थी, लेकिन मंगलवार सुबह सड़कों पर घना कोहरा दिखाई दिया। इसके साथ ही एक दिन पहले रात्रि तापमान जहां 7.6 डिग्री सेल्सियस था, वहीं यह लुढ़क कर 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। रात्रि तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानियों की मानें आगे रात्रि तापमान में कमी और अल सुबह धुंध भी देखने को मिलेगी। मौसम में अचानक से परिवर्तन का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है।