New Delhi: नए कृषि कानून को लेकर देश के अन्नदाता सडक़ पर उतर चुके हैं। इनकी संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। इस प्रदर्शन में सिर्फ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे देश के किसानों का समर्थन मिल रहा है। जिससे किसान गदगद भी हैं। हालांकि किसान पंजाब, हरियाणा से चलते हुए राजधानी दिल्ली भी पहुंच चुके हैं, और ऐलान कर दिया है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी। वह प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे, चाहे जान ही क्यों न चली जाए। वहीं किसानों के इस प्रदर्शन में सुखदेव ढाबा क्यों ट्रेंड कर रहा है। जब आप इसकी हकीकत के बारे में जानेंगे तो आप भी हैरान रह जाएंगे। दरअसल, सोनीपत के मुर्थल में आने वाला सुखदेव ढाबा इन दिनों काफी चर्चा में है। यहां पर किसानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। प्रदर्शन कर रहे किसानों को यहां पर निशुल्क भोजन दिया जा रहा है। जिससे किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
ढाबा के मालिक क्या कहते हैं
सुखदेव ढाबा के मालिक कहते हैं कि अन्नदाता से बड़ा कोई दाता नहीं है। चूंकि किसान अपनी मांगों को लेकर सडक़ पर हैं, तो ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है कि कोई भी किसान भूखा न रहे। इसलिए इस ढाबे पर किसानों को खाना दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि लगभग 2 हजार से ज्यादा किसानों ने इस ढाबे पर खाना खाया है। खाना खाने वाले किसान कहते हैं कि यह प्रदर्शन सिर्फ किसानों का नहीं है., बल्कि ये प्रदर्शन पूरे देश का है। ऐसे में जब कोई हमारा सहयोग कर रहा है तो हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है। हम तब तक घर नहीं लौटेंगे जब तक सरकार नए कृषि कानून को वापस नहीं लेती है।