New Delhi News (citymail news ) यूपी का जाना माना गैंगस्टर एवं 8 पुलिस वालों की हत्या का मुख्य आरोपी विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद बड़े पुलिस अधिकारी व सत्ता में पावरफुल कहे जाने वालों के चेहरों से नकाब हट सकता है। इसमें जहां पुलिस के कई बड़े अधिकारियों के नाम सामने आ सकते हैं, वहीं मौजूदा सत्ताधारी व विपक्ष के नेताओं के चेहरों से भी मुखौटे उतर सकते हैं।
विकास दुबे उज्जैन में हुआ गिरफ्तार-
कई दिनों से फरार यूपी का ईनामी बदमाश विकास दुबे वीरवार की सुबह मध्यप्रदेश की उज्जैन नगरी से गिरफ्तार हुआ है। जिस नाटकीय अंदाज से विकास दुबे की गिरफ्तारी हुई है, उससे साफ लगता है कि उसे गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि वह खुद ही पुलिस के समक्ष पहुंचा है। उज्जैन में पहुंचकर उसने यह भी साबित कर दिया कि देश में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था उसके सामने बौनी साबित हुई है। यूपी के बिकरू में 8 पुलिस वालों की हत्या के बाद से विकास दुबे ना केवल वहां से फरार हो गया, बल्कि पुलिस की आंखों में धूल झोंकता हुआ आगरा-मथुरा के रास्ते होता हुआ फरीदाबाद पहुंच गया। तीन दिन तक फरीदाबाद में रहने के बाद वह दिल्ली पहुंच गया। वहां से वीरवार की सुबह अचानक उज्जैन में महाकाल के मंदिर में पहुंच गया। यानि कि उसने दिल्ली, हरियाणा, यूपी व मध्यप्रदेश की पुलिस व्यवस्था को ठेंगा दिखा दिया। उज्जैन में भी उसने खुद ही बताया कि वह कानपुर वाला विकास दुबे है। हालांकि पुलिस को उस पर विश्वास नहीं हुआ। इसके लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने यूपी पुलिस से संपर्क साधकर उसकी पहचान करवाई।
दो मुख्यमंत्री थपथपा रही अपनी पीठ-
मध्यप्रदेश में गिरफ्तार होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। इसी प्रकार से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी इसका श्रेय खुद लेते दिखाई दिए। वहीं यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली टांय-टांय फिस्स साबित हुई। पूछताछ में विकास दुबे ने खुद कबूल किया कि उसने जुर्म की दुनिया में अपना सिक्का चलाने के लिए थाने के थाने खरीद रखे थे। पुलिस बेशक तनख्वाह सरकार से लेती थी, मगर काम उसके लिए करती थी। यह उसने साबित भी कर दिखाया।
सन्नी देयोल का फैन है विकास दुबे-
सन्नी देयोल की फिल्म अर्जुन पङ्क्षडत को देखकर जुर्म की दुनिया में पैर रखने वाले विकास दुबे ने कानपुर इलाके में खुद को ना केवल डॉन साबित कर रखा था, बल्कि वोट बैंक की राजनीति करने वाले नेताओं को भी वह अपनी ऊंगली पर नचाता था। पुलिस व प्रशासन के बड़े अफसरों के साथ उसके संबंध तो जाहिर हो ही चुके हैं ,मगर अब यह भी सामने आना है कि वह सत्ता के किन नेताओं की कृपादृष्टि से अपना गैंग चला रहा था। बता दें कि विकास दुबे फिल्म अभिनेता सन्नी देयोल का बड़ा फैन है। सन्नी देयोल की फिल्म अुर्जन पंडित देखकर ही उसने जुर्म की दुनिया को अपनाया था। यही नहीं बल्कि उसे खुद को पंडित कहलवाना बहुत पसंद था। पंडित कहते ही उसके चेेहरे पर खुशी चमक उठती थी। लेकिन इस मामले को लेकर यूपी की राजनीति पूरी तरह से गमाई हुई है। विपक्षी पार्टियां विकास दुबे की मध्यप्रदेश से गिरफ्तारी पर जहां सवालिया निशान लगा रहे हैं, वहीं इसे यूपी सरकार की नाकामी भी बता रहे हैं। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार से मांग की है कि विकास दुबे के पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से होनी चाहिए, तभी पता चलेगा कि उस पर किसी की मेहरबानी बनी हुई थी कि वह इतना निरकुंश हो गया कि सरेआम पुलिस वालों की हत्या करने से भी नहीं घबराया।