Faridabad News (citymail news ) यूपी के ईनामी गैंगस्टर एवं बिकरू पुलिस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे को शरण देने वाला श्रवण कोरोना पॉजीटिव पाया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी के तुरंत बाद सभी आरोपियों का कोरोना टेस्ट करवाया था। सभी की रिपोर्ट में श्रवण को कोरोना पॉजीटिव पाया गया है। इसकी जानकारी पुलिस के प्रवक्ता द्वारा दी गई है। फिलहाल उसका कोरोना के तहत ईलाज करवाया जा रहा है। वहीं अदालत ने श्रवण व उसके बेटे अंकुर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
फरीदाबाद में यहां मिली थी विकास को शरण-
बता दें कि कानपुर के बिसरू गांव में 8 पुलिस वालों की नृशंस हत्याकांड को अंजाम देने वाला गैंगस्टर विकास दुबे फरीदाबाद नहरपार स्थित न्यू इंदिरा कालोनी में श्रवण नामक अपने रिश्तेदार के घर छुपा हुआ था। वह दो दिन तक श्रवण के घर पर रहा। इसके बाद श्रवण के बेटे अंकुर ने उसके रहने का इंतजाम बडख़ल चौक पर स्थित ओयो होटल में कर दिया। मंगलवार की शाम को फरीदाबाद पुलिस को विकास दुबे के फरीदाबाद में होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने जब होटल में दबिश दी तो वहां विकास तो नहीं मिला, मगर उसका गुर्गा प्रभात पुलिस केे हत्थे चढ़ गया। इस दौरान प्रभात ने पुलिस पर फायरिंग भी की, मगर उसे सही सलामत गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास पुलिस को चार हथियार भी बरामद हुए, जिसमें दो यूपी पुलिस के हथियार थे। सभी आरोपियों को बुधवार की दोपहर करीब 1 बजे अदालत में पेश कियाप्। अदालत ने जहां श्रवण व उसके बेटे अंकुर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, वहीं प्रभात को 24 घंटे की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है।
ऐसे हुआ विकास को शरण देने वालों का खुलासा
पुलिस द्वारा प्रभात से पूछताछ के बाद खुलासा हुआ कि वह दो दिन तक फरीदाबाद में श्रवण के घर रहे। इस आधार पर मंगलवार की शाम को ही श्रवण व उसके बेटे अंकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया गया। कानपुर पुलिस हत्याकांड में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी होना फरीदाबाद पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। जबकि यूपी पुलिस तमाम कोशिशों के बावजूद विकास दुबे तक नहीं पहुंच पा रही है। यदि समय रहते पुलिस को सही जानकारी मिल जाती तो यूपी पुलिस का गुनहगार फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाता।