मानसून की दस्तक के बावजूद दिल्ली व हरियाणा में मानसून अभी कमजोर साबित हो रहा है। हालांकि बीते शुक्रवार को मानसून का आगमन तो हुआ है, मगर थोड़ी देर हुई बारिश से जितनी राहत की उम्मीद लोगों द्वारा की जा रही थी, उतनी मिली नहीं। शनिवार को भी दिन भर मानसून की बारिश आने का इंतजार होता रहा, मगर लोग केवल इंतजार ही करते रहे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार व सोमवार को मौसम के सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि कई इलाकों में छुटपुट बारिश हो सकती है, मगर मानसून की बारिश आने की संभावना कम ही रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन तक दिल्ली एनसीआर व हरियाणा में मानसून पूरी तरह से कमजोर रहेगा। मगर मंगलवार से मानसून की बारिश की संभावना जरूर जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल साईक्लोनिक सर्कुलेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार की ओर बना हुआ है। जिसके चलते बिहार व उत्तर प्रदेश सहित आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन दिन तक दिल्ली में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इस दौरान दिल्ली एनसीआर व हरियाणा में रूक रूककर बारिश होने की संभावना है। हालांकि बीते वीरवार से ही मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर रखा था, लेकिन उम्मीद अनुसार बारिश ना आने से लोगों को निराशा व जबरदस्त गर्मी झेलनी पड़ी है। फिलहाल हल्की बारिश होने की वजह से मौसम में उमस बनी हुई है, लोग गर्मी से बेहाल हैं और उन्हेें मानसून की वर्षा का बेसब्री से इंतजार है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दिल्ली का हाल कुछ ऐसा ही रहेगा, लोगों को दो से तीन दिन तक और बारिश का इंतजार करना होगा। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से दिल्ली एनसीआर सहित हरियाणा में हल्की बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार रविवार व सोमवार को बादलों की लुकाछिपी का खेल जारी रह सकता है। जहां तक तापमान की बात है कि तो इन दो दिनों में तापमान 36 से 38 डिग्री तक रहने की संभावना है। यानि कि लोगों को इन दो दिनों में भी उमस भरी गर्मी सहन करने के लिए मजबूर होना होगा। मगर मंगलवार से लोगों को मानसून की बारिश के चलते कुछ राहत महसूस हो सकती है।