Faridabad News (citymail news ) कर्मचारियों में कोरोना पॉजीटिव रिपोर्ट आने के बाद फरीदाबाद नगर निगम को बंद कर दिया गया है। वीरवार को कई कर्मचारियों की रिपोर्ट आई थी, इसके बाद अन्य कर्मचारियों में इस बीमारी का प्रसार ना हो, इसके लिए सुरक्षा के तौर पर नगर निगम मुख्यालय को बंद करने का फैसला लिया गया। कमिश्नर व मेयर कार्यालय की ओर जाने वाले गेट को पूरी तरह से बंद रखा गया और दूसरे गेट पर कर्मचारी नियुक्त किए गए, जोकि पूछताछ करने के बाद जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को अंदर जाने दे रहे थे। इस गेट से कार व मोटरसाईकिल की एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी गई है। इसके साथ साथ गेट से अंदर जाने वाले लोगों को सेनीटाईज करने के लिए टनल लगाया गया है, निगम में प्रवेश करने वालों को इस टनल से सेनीटाईज होने के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। निगम के अधिकांश कर्मचारी दफ्तर नहीं आ रहे हैं और बहुत जरूरी होने पर ही अधिकारी भी निगम मुख्यालय आ रहे हैं। वीरवार व शुक्रवार को निगम मुख्यालय के अधिकांश दफ्तर पूरी तरह से बंद रहे। कोरोना के प्रसार को देखते हुए निगम मुख्यालय सहित बाकि दफ्तरों में भी पब्लिक डीलिंग पूरी तरह से बंद कर दी गई है। शहर के होने वाले विकास कार्यों के भी अधिकांश काम पूरी तरह से बंद हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी व अधिकारी ही डयूटी पर जा रहे हैं। बता दें कि निगम में करीब दो दर्जन के आसपास कर्मचारी पॉजीटिव पाए गए हैं। इनके अलावा एक कर्मचारी के पिता का कोरोना के चलते निधन हो चुका है। इसके साथ ही एक कर्मचारी के 6 परिजन कोरोना सक्रंमित पाए जा चुके हैं। निगम में लगातार कोरोना के टेस्ट करवाए जा रहे हैं। पिछले दिनों तीन बार कर्मचारियों के टेस्ट करवाए जा चुके हैं। इनमें से कईयों की रिपोर्ट आनी है, निगम में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए और भी कर्मचारियों के टेस्ट करवाए जाने हैं। बता दें कि सरकारी कर्मचारियों में तेजी से कोरोना के केस सामने आ रहे हैं, जिसके चलते लोगों के बीच इन कर्मचारियों को जाने से रोक दिया गया है और उन्हें घर पर रहने की हिदायत दी गई है। निगम के अलावा पुलिस, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोग, शिक्षा तथा बिजली निगम के कर्मचारी भी पॉजीटिव पाए जा रहे हैं। जिस वजह से लोगों में इस बीमारी को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है।